Default Image
5, Nov 2026
108 दिन का संकल्प पूरा, 6000 से अधिक पौधे रोपे और संरक्षण की भी ली जिम्मेदारी; दादागुरु बोले- धरती मां को हरा-भरा बनाते रहना है

सिटी रिपोर्टर। प्रकृति संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सहेजने की जिम्मेदारी निभाने में है। इसी भावना को जनभागीदारी से एक व्यापक अभियान का रूप देते हुए डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन, नर्मदा मिशन और हर हेल्थ की ओर से शुरू की गई ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण मुहिम का 108 दिवसीय संकल्प गुरुवार को पूरा हुआ। रवींद्र भवन में आयोजित ‘राष्ट्र धर्म सेवा संकल्प समारोह’ में 6000 से अधिक पौधों के रोपण और उनके संरक्षण की इस यात्रा को साझा किया गया। समारोह में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि यह प्रयास 108 दिनों के साथ समाप्त नहीं होगा, बल्कि प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी हर दिन निभाई जाएगी।परम पूज्य अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरु भगवान की प्रेरणा से 17 जुलाई को शुरू हुए इस अभियान में प्रतिदिन 11 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। कुल 1188 पौधों के निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए जनसहभागिता ने इसे 6000 से अधिक पौधों तक पहुंचा दिया।

मंगलाचरण से हुई शुरुआत, दिखाई 108 दिनों की यात्रा

समारोह की शुरुआत केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से प्रस्तुत मंगलाचरण से हुई। इसके बाद दुर्गा समूह की खुशी अहिरवार ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। नूतन कॉलेज की द्वितीय वर्ष की कथक छात्रा ने नर्मदाष्टक की प्रस्तुति दी। इस दौरान अभियान के 108 दिनों के सफर पर आधारित विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसमें पौधारोपण की शुरुआत, विभिन्न क्षेत्रों में मिली जनभागीदारी और पौधों के संरक्षण के प्रयासों को दिखाया गया। समारोह में दादागुरु भगवान की 2200 से अधिक दिनों की निराहार उपासना की पूर्णता का प्रसंग भी विशेष रहा।दादागुरु भगवान ने अपने उद्बोधन में कहा कि 108 दिनों का समापन हुआ है, लेकिन इस संकल्प का समापन नहीं है। हमें लगातार धरती मां को हरा-भरा बनाते रहना है। उन्होंने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की निरंतरता पर जोर दिया। वहीं, विश्वास सारंग ने विज्ञान और आध्यात्म के समन्वय से होने वाले सकारात्मक कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। रामेश्वर शर्मा ने सनातन की स्थापना में डॉ. प्रिया भावे चित्तावर के विज्ञान के माध्यम से दिए जा रहे योगदान की सराहना की।

84 पार्षद क्षेत्रों से शुरू हुई मुहिम, नगर निगम का मिला सहयोग

अभियान की शुरुआत भोपाल के 84 पार्षद क्षेत्रों से हुई थी। इसकी खासियत यह रही कि पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित क्षेत्रों के लोगों और संस्थाओं को दी गई। नगर निगम ने भी इस पहल में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। महापौर मालती राय के सहयोग से अभियान की टीम को 1200 पौधे उपलब्ध कराए गए। भोपाल में मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद यह मुहिम बैतूल, नर्मदापुरम , रायसेन, विदिशा सहित अन्य क्षेत्रों तक पहुंची।

विद्यार्थियों के नन्हे हाथों ने भी संभाली हरियाली की जिम्मेदारी

अभियान में स्कूल-कॉलेजों की भागीदारी भी खास रही। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को पौधारोपण गतिविधियों से जोड़ा गया। बच्चों ने अपने नन्हे हाथों से पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण में भागीदारी की और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का महत्व समझा। इस पहल ने नई पीढ़ी को केवल पौधारोपण से ही नहीं, बल्कि पौधों की देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी से भी जोड़ा। इस तरह अभियान ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का प्रयास किया।

1200 से अधिक लोग हुए शामिल, 50 से ज्यादा पार्षद सम्मानित

समारोह में भोपाल, नर्मदापुरम, बैतूल, विदिशा, सीहोर, चंबल क्षेत्र और जबलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 1200 से अधिक लोग शामिल हुए। इसमें मैनिट, मानसरोवर डेंटल एवं आयुर्वेदिक कॉलेज, सेज कॉलेज, सैपलिंग स्कूल, श्री भवन भारती स्कूल, एलएन सिटी कॉलेज, अपना घर वृद्धाश्रम और हर्षिनी वेलफेयर सोसायटी सहित कई शैक्षणिक, सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता रही। अभियान में योगदान देने वाले 50 से अधिक पार्षदों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिजीमाई, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक आलोक शर्मा, विधायक कालू सिंह, प्रांत संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान, प्रांत सहमंत्री जितेंद्र सिंह चौहान और पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।



अस्पताल में भी 108 दिन जारी रहा पौधारोपण

हर हेल्थ हॉस्पिटल में इन 108 दिनों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पौधारोपण की गतिविधियां भी निरंतर जारी रहीं। संस्थान के स्टाफ ने पौधे लगाने के साथ उनके नियमित संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने भी इस मुहिम को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। संदेश यही रहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी विशेष दिन या अभियान का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

पौधरोपण के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश

डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से 108 पौधरोपण अभियान के तहत ओरिएंटल कॉलेज में श्री दादा गुरु भगवान एवं…

नन्हे हाथों ने रोपे पौधे, हरियाली से संवारा आने वाला कल

नन्हे हाथों से जब हरियाली का बीज बोया जाता है, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और सुंदर…

माँ के सम्मान में वृक्षमूर्ति स्थापना, हरियाली सहेजने का लिया संकल्प

माँ के सम्मान में वृक्षमूर्ति स्थापित कर लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प सिटी रिपोर्टर। डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर…