फिट इंडिया पार्क में माताओं की स्मृति में लगाए पौधे
माताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए डॉ. क्षमा धोपड़कर फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत फिट इंडिया पार्क, गौतम नगर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान 108 दिनों के संकल्प के तहत प्रतिदिन 11 पौधे लगाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। परम पूज्य अवधूत श्री दादागुरु भगवान के पावन आशीर्वाद से गुरु वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी माताओं के सम्मान एवं स्मृति में पौधे लगाए। आयोजन का उद्देश्य पौधारोपण को केवल एक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे माताओं की स्मृति, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण की जिम्मेदारी से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में पार्षद श्री राकेश यादव ने अपनी माता श्रीमती पार्वती यादव के नाम पर पौधारोपण किया। श्री मोहकम सिंह नैन, सेवानिवृत्त DSP ने अपनी माता श्रीमती शांति देवी नैन, श्री पी.के. माहेश्वरी ने अपनी माता स्व. श्रीमती चन्दा माहेश्वरी, श्रीमती मंजूषा जेजुरीकर ने अपनी माता स्व. श्रीमती सरोज झाडगांवकर, श्री एस.पी. चौहान ने अपनी माता स्व. श्रीमती कलावती चौहान और श्री एस.के. पांडे ने अपनी माता स्व. श्रीमती इंद्रमती पांडे के नाम पर पौधे लगाए।
वहीं श्री गौतम कश्यपी ने अपनी माता स्व. श्रीमती गौरी कश्यपी, श्रीमती नीना भोगल ने अपनी माता श्रीमती गुरुबख्श कौर, श्रीमती सतविंदर कौर ने अपनी माता स्व. श्रीमती अजायब कौर, श्रीमती प्रतिमा तिवारी ने अपनी माता श्रीमती वरुणा देवी और श्रीमती रेखा लहरी ने अपनी माता श्रीमती राधा बहनवार के नाम पर पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ संदेश के साथ नगर में जागरूकता रैली भी निकाली गई। जयघोष के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रैली के जरिए पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि माताओं की स्मृति में लगाया गया पौधा भावनाओं के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक बने और समय के साथ एक वृक्ष का रूप लेकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हराभरा वातावरण दे।

