गणेश विसर्जन के बीच स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान
गणेश विसर्जन के बीच डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज वन विहार के चीकू गेट के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें हेर हेल्थ हॉस्पिटल के करीब 20 स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की। टीम सड़क किनारे, झाड़ियों और आसपास के हिस्सों की सफाई करते हुए प्लास्टिक, कागज, बोतलें, खाने-पीने की पैकिंग और अन्य कचरा एकत्र कर रही है।
अभियान में प्रसिद्ध कलाकार मोहित शेरवानी तथा हेर हेल्थ की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ, रोबोटिक सर्जन और आयरनमैन डॉ. प्रिया भावे चिटावार भी सहभागिता कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही हैं।
गणेश विसर्जन को देखते हुए टीम हाथों में पोस्टर और स्लोगन लेकर जागरूकता मार्च भी निकाल रही है। ‘सच्ची भक्ति वही कहलाए, जो जल और पर्यावरण बचाए’, ‘बप्पा को विदाई दें, जल को नहीं’, ‘इस बार विसर्जन नहीं, संरक्षण की परंपरा अपनाएं’ और ‘भक्ति में रंग भरें, प्रकृति को सुरक्षित रखें’ जैसे संदेशों के जरिए लोगों से पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन की अपील की जा रही है।
लोगों से कहा जा रहा है कि गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद पूजन सामग्री, फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरा जलस्रोतों या सार्वजनिक स्थानों पर न छोड़ें। निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जन और पूजन सामग्री का निस्तारण करें।
अभियान का संदेश है कि विघ्नहर्ता को सम्मानपूर्वक विदाई दें, लेकिन प्रकृति को कचरे का भार न दें। स्वच्छता केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दोबारा कचरा न फैलाना भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे ‘स्वच्छता के संकल्प से स्वच्छता के उत्सव तक’ अभियान के तहत यह पहल की जा रही है।






