पौधा लगाया, अब उसे पेड़ बनाने की जिम्मेदारी
“प्रकृति की रक्षा करना केवल पुण्य का काम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।” भारतीय ऋषि-मुनियों ने सदियों पहले ही प्रकृति को जीवन का आधार माना और उसके संरक्षण का संदेश दिया। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 108 दिनों का संकल्प लिया गया है, जिसमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिदिन 11 पौधे लगाए जा रहे हैं।
अभियान की खास बात यह है कि यहां पौधारोपण को केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रखा गया है। पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल और समय-समय पर उसकी स्थिति की जानकारी भी ली जा रही है, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और आगे चलकर पेड़ का रूप ले सकें। इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह समझाना भी है कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी पौधा लगाने के साथ खत्म नहीं होती, बल्कि उसके बड़ा होने तक बनी रहती है।
इसी क्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत नट बाबा शिव मंदिर, होशंगाबाद रोड, भोपाल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मंदिर के पुजारी पं. रोहित दास वैष्णव जी की पूज्य माताजी श्रीमती मौन बाई वैष्णव जी के मुख्य आतिथ्य में एवं परम पूज्य अद्भुत श्री दादा गुरु भगवान जी के पावन आशीर्वाद से संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थितजनों ने प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री विकास पटेल ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती सुमित्रा पटेल के नाम, श्री राहुल शर्मा ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती सुनीता शर्मा के नाम और कु. पूजा साहू ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती ममता साहू के नाम पर पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में हर हेल्थ से श्री अमित चौरसिया और श्री अमन वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।



