माँ के नाम पौधे लगाए, प्रकृति को सहेजने का लिया संकल्प
डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से 108 पौधरोपण अभियान के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आईपीएस स्कूल, इण्डस टाउन, 11 मील, मिसरोद के पास पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत प्रतिदिन 11 पौधे लगाने के संकल्प के साथ हुए कार्यक्रम की शुरुआत परम पूज्य अद्भुत श्री दादा गुरु भगवान के आशीर्वाद से गुरु वंदना के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र साहू ने अपनी माता श्रीमती राधा साहू, जतिन चौहान ने श्रीमती रजनी चौहान, अमन बिसहरे ने श्रीमती तारा बाई और योगेश साहू ने श्रीमती यशोदा साहू के नाम पर पौधरोपण किया। वहीं अमन और अमित ने भी अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए।
कार्यक्रम में माँ के प्रति सम्मान को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया। लोगों ने कहा कि पौधा लगाना पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत है, लेकिन उसे नियमित पानी देना, उसकी सुरक्षा करना और वृक्ष बनने तक देखभाल करना भी जरूरी है। पेड़ स्वच्छ हवा, छाया, मिट्टी और जल संरक्षण के साथ जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माँ के नाम लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और बेहतर पर्यावरण का संकल्प है।



