माँ के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, चित्रकूट परिसर में किया पौधारोपण
पर्यावरण की रक्षा केवल हमारा कर्तव्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने की जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के साथ डॉ. क्षमा धोपड़कर फाउंडेशन की ओर से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ नर्मदा मिशन के अंतर्गत चित्रकूट परिसर, मित्तल कॉलेज के पास, नवी बाग, भोपाल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर श्री जितेंद्र त्यागी, श्री प्रदीप राठौर और श्री तरुण भगत ने अपनी पूज्य माताजी के नाम पर पौधारोपण कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं, हर हेल्थ की ओर से श्री सौरभ श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 108 दिनों तक प्रतिदिन 11 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। यह पहल माँ के प्रति सम्मान और प्रकृति के संरक्षण को एक सूत्र में जोड़ती है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि जिस तरह हम अपने परिवार और अपनों की देखभाल करते हैं, उसी तरह प्रकृति को सहेजना भी हमारी जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले समय में छाया, स्वच्छ हवा और जीवन का आधार बनेगा।



