माँ के सम्मान में वृक्षमूर्ति स्थापना, हरियाली सहेजने का लिया संकल्प
माँ के सम्मान में वृक्षमूर्ति स्थापित कर लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प
सिटी रिपोर्टर। डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से 108 पौधरोपण अभियान के तहत नर्मदा मिशन के सहयोग से न्यू मार्केट स्थित श्री राम मंदिर, टीटी नगर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण एवं वृक्षमूर्ति स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया गया। परम पूज्य दादा गुरु भगवान के आशीर्वाद से कार्यक्रम में माँ के प्रति श्रद्धा को प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ा गया।
इस अवसर पर श्रीमती आरती अनेजा, डॉ. अंकुरी, डॉ. माधुरी, सौरभ श्रीवास्तव, अमन प्रताप, जतिन चौहान और अमन वर्मा ने अपनी माताओं के सम्मान में वृक्षमूर्तियां स्थापित कर पौधरोपण किया। सभी ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आसपास के रहवासियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान प्रकृति को सुरक्षित रखने और शहर में हरियाली बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया गया। पेड़ स्वच्छ हवा, छाया और जैव विविधता को बनाए रखने के साथ तापमान नियंत्रित करने और मिट्टी व जल संरक्षण में भी योगदान देते हैं। इसलिए पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि माँ हमें जन्म देती हैं और प्रकृति जीवन को बनाए रखने के लिए आवश्यक संसाधन देती है। दोनों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को अपने व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धा है।


