17 दिन, रोज सुबह सफाई… स्वच्छता से स्वच्छ भारत की ओर कदम
मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक, स्वच्छता का संकल्प
डॉ. क्षमा ढोड़पकर फाउंडेशन की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता के संकल्प से स्वच्छता के उत्सव तक’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर गांधी जयंती तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न बनाकर इसे दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में बढ़ावा देना है। ‘मोदी जी से महात्मा तक स्वच्छता की ओर एक संकल्प—स्वच्छ भारत’ की थीम के साथ अभियान में शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हेर हेल्थ की टीम के सहयोग से प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे वन विहार के चीकू गेट से होटल सायाजी तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान टीम सड़क और आसपास के क्षेत्रों में जमा कचरे को एकत्र कर रही है। प्लास्टिक, कागज, बोतल और अन्य तरह के कचरे को हटाने के साथ ही सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान का फोकस केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यह समझाने पर भी है कि जिस जगह को हम साफ करते हैं, उसे दोबारा गंदा न होने देना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, प्रकृति और शहर की स्वच्छता एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। सड़क, हरियाली और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने से न केवल शहर सुंदर दिखाई देता है, बल्कि पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे इस पहल से जुड़कर ‘प्रकृति की रक्षा करें, भविष्य सुरक्षित करें’ के संकल्प को आगे बढ़ाएं।

