माँ हमें जीवन देती हैं और प्रकृति उस जीवन को सांस देती है
डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे 108 दिनों के संकल्प के तहत प्रतिदिन 11 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। परम पूज्य अवधूत श्री दादागुरु भगवान के पावन आशीर्वाद से गुरु वंदना के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया। आयोजन में गुरु भक्ति, सेवा और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए पौधों को सहेजने का संदेश दिया गया।
“माँ हमें जीवन देती हैं और प्रकृति उस जीवन को सांस देती है। इसलिए माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा, वास्तव में जीवन के सम्मान का भी संकल्प है।”
इस अवसर पर पार्षद श्री समर हुजूर ने अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती अकीला जाफरी की स्मृति में पौधारोपण किया। वहीं कॉलोनीवासी श्रीमती नर्मदा बाई ने अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती लक्ष्मी बाई, श्री उवेश खान ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती शहीदा बी, श्री गोलू यादव ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती कमला यादव, श्री शोहिल खान ने अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सुरैय्या और श्रीमान गोपी कुशवाहा ने अपनी माँ श्रीमती जसोदा कुशवाहा के नाम पर पौधा लगाया।
पौधारोपण के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि पेड़ केवल आज की जरूरत नहीं हैं। उनकी छांव, हरियाली और जीवनदायी ऑक्सीजन आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है। जिस तरह मां अपने बच्चों के भविष्य की चिंता करती हैं, उसी तरह प्रकृति की देखभाल भी आने वाले कल के लिए हमारी जिम्मेदारी है।
“आज लगाया गया एक पौधा, कल किसी अनजान चेहरे की सांसों का सहारा बनेगा।”
इसी विचार के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पौधारोपण को केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि मातृसम्मान, प्रकृति प्रेम और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास है।








