पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
पर्यावरण की हरियाली ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। पेड़-पौधे हमें स्वच्छ हवा, जीवनदायी ऑक्सीजन और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने का आधार देते हैं। इसी हरियाली को सहेजने और मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत 25 अक्टूबर को भोपाल में पौधारोपण किया गया।
अभियान के तहत रिलायंस मार्ट, नरेला और संतोषी विहार स्थित संतोषी माता मंदिर परिसर में पौधे रोपे गए। 108 दिनों तक प्रतिदिन 11 पौधे लगाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे इस अभियान में पौधारोपण को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और माँ के सम्मान को अभिव्यक्त करने का माध्यम बनाया गया है।
इस अवसर पर डॉ. नीतू सिमैया, श्री आशीष कुमार बिजोड़े, श्री विकास त्रिवेदी और श्री अरुण चौधरी ने अपनी पूज्य माताओं के नाम पर पौधे लगाए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधों की देखभाल और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में हर हेल्थ की ओर से श्री अमन वर्मा का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सहेजने की जिम्मेदारी भी निभाना है। आज लगाया गया हर पौधा आने वाले समय में छाया, स्वच्छ हवा और जीवन का आधार बनेगा। प्रकृति के प्रति यही जिम्मेदारी एक हरित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







