बप्पा को विदाई, प्रकृति की जिम्मेदारी भी निभाई
वन विहार के चीकू गेट के आसपास आज विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से चल रहे इस अभियान में हेर हेल्थ हॉस्पिटल के करीब 20 स्टाफ सदस्यों के साथ बच्चे भी सफाई में जुटे हैं। टीम सड़क किनारे और जलस्रोतों के आसपास फैले प्लास्टिक, बोतलें, पूजा के कपड़े, पूजन सामग्री और अन्य कचरे को हटाकर क्षेत्र की सफाई कर रही है। अभियान में सागर तेजवानी ने भी सहभागिता की।गणेश विसर्जन को देखते हुए टीम लोगों को पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन का संदेश दे रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि पूजन सामग्री, फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरा जलस्रोतों या सार्वजनिक स्थानों पर न छोड़ें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही इसका निस्तारण करें।अभियान का संदेश है—विघ्नहर्ता को सम्मान से विदाई दें, लेकिन प्रकृति को कचरे का भार न दें। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे ‘स्वच्छता के संकल्प से स्वच्छता के उत्सव तक’ अभियान के तहत यह पहल की जा रही है।






