मुस्कुराते चेहरों के बीच रोपे पौधे, माँ की स्मृति से जुड़ा आने वाली पीढ़ियों का संकल्प
आज “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला इनायतपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे 108 दिनों के संकल्प के तहत प्रतिदिन 11 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
शाला की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ज्योति रावत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। पौधे लगाते और उन्हें मिट्टी देते समय बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। बच्चों ने पौधों की देखभाल करने और उन्हें बड़ा करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर श्री मनोज जी ने अपनी पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती रामकली देवी जी के नाम, श्री सुनील पटेल जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती शांता बाई पटेल जी के नाम, श्रीमती रेखा शर्मा जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती कमला देवी शर्मा जी के नाम, श्री अरविंद कुशवाहा जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती फूलवती कुशवाहा जी के नाम, श्रीमती सरिता वर्मा जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती गीता देवी वर्मा जी के नाम, श्री राजेश मीणा जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती सोनाबाई मीणा जी के नाम और श्री प्रदीप साहू जी ने अपनी पूज्य माताजी श्रीमती तुलसी बाई साहू जी के नाम पर पौधारोपण किया।
बच्चों के लिए यह सिर्फ पौधा लगाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने और उसकी देखभाल सीखने का अनुभव रहा। एक छोटा-सा पौधा आज मिट्टी में लगाया गया है, जो बड़ा होकर आने वाली पीढ़ियों को छांव, हरियाली और जीवनदायी ऑक्सीजन देगा। इसी भावना के साथ अभियान पौधारोपण को एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य के प्रति जिम्मेदारी बनाने का संदेश दे रहा है।

